3 हफ्तों से नहीं मिली रसोई गैस! जड़ौत भदरोल के ग्रामीण परेशान, सड़कों पर उतरने की चेतावनी

नादौन की भदरोल पंचायत के जड़ौत भदरोल गांव में तीन सप्ताह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं पहुंची है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समस्या समाधान की मांग की है।

Mar 14, 2026 - 20:15
 0  9
3 हफ्तों से नहीं मिली रसोई गैस! जड़ौत भदरोल के ग्रामीण परेशान, सड़कों पर उतरने की चेतावनी

नादौन,14 मार्च 

जड़ौत भदरोल गांव में तीन सप्ताह से नहीं पहुंची रसोई गैस, ग्रामीण परेशान

नादौन क्षेत्र की भदरोल पंचायत के जड़ौत भदरोल गांव में पिछले लगभग तीन सप्ताह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं पहुंची है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है।

इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी के नादौन विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष देशराज दड़ोच ने जारी प्रेस बयान में बताया कि जड़ौत भदरोल सहित आसपास के क्षेत्रों में हर शनिवार को रसोई गैस की सप्लाई आती है, लेकिन पिछले करीब तीन सप्ताह से यहां गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है।

उन्होंने बताया कि शनिवार को जब गैस से भरी गाड़ी जड़ौत की ओर आ रही थी, तो एक स्टेशन पहले मानपुल के पास चौकी गांव में ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते सभी सिलेंडर वहीं खत्म हो गए और जड़ौत गांव के लोग गैस गाड़ी का इंतजार करते रह गए।

देशराज दड़ोच ने कहा कि पिछले शनिवार को भी गैस सप्लाई की गाड़ी दूसरे रूट से आई थी और गौना करौर तक पहुंचते-पहुंचते सभी सिलेंडर खत्म हो गए थे। इसके चलते जड़ौत भदरोल के ग्रामीणों को खाली सिलेंडर लेकर ही वापस घर लौटना पड़ा।

उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की सप्लाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0