इंदौरा कॉलेज में विधायक मलेंद्र राजन ने किया योगाभ्यास, छात्रों को मिली बी.कॉम. लॉजिस्टिक्स कोर्स की बड़ी सौगात
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विधायक मलेंद्र राजन ने राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा में सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा कर बी.कॉम. लॉजिस्टिक्स पाठ्यक्रम शुरू होने पर प्रदेश सरकार का आभार जताया।
रघुनाथ शर्मा। नूरपुर
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों, अधिकारियों, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेटों तथा स्थानीय लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संदेश दिया।
आयुष विभाग के मार्गदर्शन एवं देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग कार्यक्रम के उपरांत विधायक मलेंद्र राजन ने महाविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक कर कॉलेज में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विधायक ने महाविद्यालय में बी.कॉम. लॉजिस्टिक्स पाठ्यक्रम शुरू किए जाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ बेहतर करियर अवसर प्रदान करेगा और युवाओं को आधुनिक रोजगार क्षेत्रों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के प्राचार्य डॉ. नमेश कुमार, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, 9वीं हिमाचल प्रदेश बटालियन डलहौजी के हवलदार यशपाल सिंह, थाना प्रभारी इंदौरा आशीष पठानिया, थाना प्रभारी डमटाल विशाल राठौर, कॉलेज पीटीए समिति के उपाध्यक्ष विजेंद्र कंवर, वीर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0