नादौन में बेटे ने चुराए मां के गहने, पुलिस ने सुलझाया केस
नादौन में नाबालिग बेटे ने मां के गहने चोरी कर गिरवी रखे, पुलिस ने 31.77 ग्राम सोना बरामद कर मामले का खुलासा किया।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। नादौन
हिमाचल प्रदेश के नादौन क्षेत्र में चोरी के एक हैरान कर देने वाले मामले का खुलासा हुआ है, जहां एक पिता की शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस ने पाया कि चोरी किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने ही नाबालिग बेटे ने की थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल मामले को सुलझाया बल्कि चोरी हुए गहनों को भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव गगाल, डाकघर भरमोटी निवासी मुकेश कुमार ने थाना नादौन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी पत्नी के सोने के गहने घर की अलमारी से चोरी हो गए हैं। चोरी हुए गहनों में मांग टीका, दो नथ, दो जोड़ी झुमके और दो अंगूठियां शामिल थीं।
पुलिस द्वारा मामले की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में शिकायतकर्ता के नाबालिग बेटे ने स्वीकार किया कि उसने ये गहने कृष कोंडल निवासी गांव कुठार को दे दिए थे। आगे जांच में सामने आया कि कृष कोंडल ने अपनी बहन निशा कुमारी के साथ मिलकर इन गहनों को नादौन की एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरवी रखे गए गहनों को बरामद कर लिया। बरामद गहनों में नोज रिंग, मांग टिक्का, अंगूठी और झुमके शामिल हैं, जिनका कुल वजन लगभग 31.77 ग्राम है। गहनों की पहचान शिकायतकर्ता की पत्नी ने की और पुष्टि की कि ये सभी गहने उन्हीं के हैं।
थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि बरामद गहनों को पुलिस कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0