नादौन में मां सरस्वती प्राण-प्रतिष्ठा, भव्य अनुष्ठान
नादौन के डी.डी.एम. साईं कॉलेज में मां सरस्वती मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा व यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न। कलश यात्रा और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। नादौन
डी.डी.एम. साईं कॉलेज ऑफ एजुकेशन में मां सरस्वती की मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का दो दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार भी विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें भक्तजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रभात फेरी और माता सरस्वती की प्रतिमा के साथ यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान पूज्य नित्यानंद महाराज के प्रेरणादायक प्रवचन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। उनके सत्संग में श्रद्धालुओं ने धर्म, शिक्षा और संस्कारों के महत्व को आत्मसात किया।
अनुष्ठान के दौरान ब्रह्मचारियों का मुंडन और यज्ञोपवीत संस्कार भी सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रोफेसर रतन चंद्र शास्त्री ने आयोजन की सराहना की। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे कॉलेज परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा और श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर नजर आए। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भी विशेष उपस्थिति रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0