NEET 2026 को लेकर कांगड़ा प्रशासन अलर्ट! 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, जानिए जरूरी नियम
कांगड़ा जिले में 21 जून को NEET 2026 परीक्षा 12 केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रशासन ने सीसीटीवी, जैमर, वीडियो रिकॉर्डिंग और आईटीबीपी की तैनाती सहित कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
धर्मशाला, 19 जून।
कांगड़ा जिले में 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) का आयोजन 12 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय कुमार ने अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एडीसी ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि विशेष रूप से सक्षम परीक्षार्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे समाप्त होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की, ताकि प्रवेश द्वार पर अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आईटीबीपी के जवान भी तैनात रहेंगे।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित रहे।
कांगड़ा जिले में परीक्षा के लिए निर्धारित 12 केंद्रों में धर्मशाला, नगरोटा बगवां, पालमपुर, भनाला और खानियारा स्थित विभिन्न शिक्षण संस्थान शामिल हैं। बैठक में एनटीए सिटी को-ऑर्डिनेटर सुनील चौहान सहित पुलिस, आईटीबीपी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0