पलचान से अटल टनल तक जाम, घंटों फंसे रहे सैलानी

सोलंगनाला व लाहुल में बर्फ देखने पहुंचे सैलानियों से पलचान से अटल टनल तक लंबा जाम लगा, घंटों रेंगते रहे वाहन।

Feb 9, 2026 - 18:23
 0  72
पलचान से अटल टनल तक जाम, घंटों फंसे रहे सैलानी

कुल्लू। विश्व पटल पर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला और लाहुल घाटी में बर्फबारी का नजारा देखने के लिए रविवार को पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। वीकेंड होने के कारण हजारों सैलानी बर्फ देखने मनाली, सोलंगनाला और अटल टनल रोहतांग की ओर निकल पड़े, जिससे पलचान से अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

पलचान पुल से लेकर 3-4 किलोमीटर तक वाहन घंटों रेंगते रहे।
जानकारी के अनुसार, एनएच-003 पर अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल क्षेत्र में सड़क किनारे अधिक बर्फ जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। पलचान पुल से लेकर हॉकी मोड़ से तीन से चार किलोमीटर नीचे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान वाहन चालकों और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब से बड़ी संख्या में पर्यटक क्षेत्र में पहुंचे। दोपहर के समय मनाली से अटल टनल की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह जाम रहा। हालांकि, सैलानी बर्फीली वादियों की खूबसूरती देखकर जाम की परेशानी को भी कुछ हद तक भूलते नजर आए।

स्थानीय लोग भी हुए परेशान
लाहुल के स्थानीय निवासी राजेश, सुरेश, मंजू और दिनेश ने बताया कि रविवार को मनाली से लाहुल की ओर पर्यटक वाहनों की अत्यधिक आवाजाही रही। पलचान पुल से आगे कई किलोमीटर तक वाहन दिनभर रेंगते रहे, जिससे स्थानीय लोगों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
उधर, मनाली पुलिस के अनुसार ट्रैफिक नियंत्रण के लिए मनाली से लेकर अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल और लाहुल की ओर पुलिस जवान तैनात रहे। पुलिस ने जाम को नियंत्रित करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कुछ स्थानों पर सड़क किनारे बर्फ के ढेर यातायात बाधित होने का कारण बने।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0