युवती ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव, सनकी युवक ने लड़की के घर में लगाई आग

कुल्लू के आनी में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर युवक ने युवती के घर में आग लगा दी। परिवार बाल-बाल बचा, आरोपी फरार। पुलिस जांच जारी।

Feb 23, 2026 - 00:24
 0  36
युवती ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव, सनकी युवक ने लड़की के घर में लगाई आग

कुल्लू । कुल्लू  के उपमंडल आनी की ग्राम पंचायत कुठेड़ के कटाहर गांव में एक युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से आक्रोशित होकर लड़की के घर में आग लगा दी। गनीमत रही कि पड़ोसियों की सतर्कता के कारण लड़की के परिवार के सदस्य मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकल आए।

पीड़ित राजेश कुमार, पुत्र कृष्ण लाल निवासी कटाहर (तांदी) ने पुलिस को बताया कि पंकज शर्मा नामक युवक उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया, तो उसने दो दिन पहले ही दूरभाष के माध्यम से धमकी दी थी। आरोपित ने साफ शब्दों में कहा था कि यदि उसकी शादी राजेश की बेटी से नहीं करवाई गई, तो वह पूरे परिवार को घर के अंदर ही आग लगाकर राख कर देगा। शुक्रवार की रात उसने अपनी इस खौफनाक धमकी को अंजाम दे डाला।

बाल-बाल बची जानें
पुलिस में दर्ज बयान के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे राजेश कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। करीब 10:30 बजे अचानक घर की बाहरी दीवारों से आग की लपटें उठने लगीं। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली महिला ने आग की लपटें देखीं और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर राजेश और उनका परिवार गहरी नींद से जागा और आनन-फानन घर से बाहर निकला।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार
शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गया।

काफी सामान जला 
आग से पुराने मकान की अलग रखी गई कीमती देवदार की लकड़ी जल गई। एक कमरे में रखी सेब की जालियां, प्लास्टिक के किल्टे, ईंधन की लकड़ी और घर के बिजली के मीटर की तारें पूरी तरह जल गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लुहरी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामल दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0