राहुल गांधी 30 अप्रैल को कांगड़ा में, चुनावी तैयारी तेज

कांगड़ा में राहुल गांधी 30 अप्रैल को करेंगे जिला अध्यक्षों से संवाद। कांग्रेस ने पंचायत, नगर निकाय और 2027 चुनावों के लिए रणनीति तेज की।

Apr 23, 2026 - 11:39
 0  18

सुमन महाशा । कांगड़ा 

हिमाचल प्रदेश में आगामी नगर निकाय, पंचायती राज और 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने कांगड़ा से अपनी रणनीतिक तैयारी को तेज कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 30 अप्रैल को कांगड़ा पहुंचेंगे, जहां वे जिला अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कर संगठन को जीत का मंत्र देंगे।

इससे पहले के. सी. वेणुगोपाल 26 अप्रैल को कांगड़ा आकर सांगठनिक स्थिति का जायजा लेंगे। कांगड़ा में तीन राज्यों के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसे पार्टी की ‘सियासी पाठशाला’ के रूप में देखा जा रहा है।

शिविर के दौरान नेताओं को संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनता के बीच प्रभावशाली संवाद स्थापित करने के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पार्टी आगामी चुनावों में ‘जिताऊ चेहरों’ पर दांव लगाने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस नेता विनय कुमार ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनावों में उन्हीं उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा, जिनकी छवि जनता के बीच मजबूत है और जीत की संभावना अधिक है।

उम्मीदवारों के चयन की जिम्मेदारी स्थानीय नेताओं को सौंपी गई है और प्रभारियों की नियुक्ति के साथ ही प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल से पहले संभावित उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है।

कांग्रेस को उम्मीद है कि इस रणनीति के जरिए वह पंचायत और नगर निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और 2027 विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0