नेता के बेटे को दिनदहाड़े किडनैप करने की कोशिश

शिमला के तारापुर-मशोबरा में गन प्वाइंट पर नेता के बेटे को किडनैप करने की कोशिश नाकाम, युवक ने चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान।

Mar 21, 2026 - 10:08
 0  9
नेता के बेटे को दिनदहाड़े किडनैप करने की कोशिश

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
शिमला में शुक्रवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नकाबपोश बदमाशों ने गन प्वाइंट पर एक युवक का अपहरण करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि युवक ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक सत्तासीन सरकार के एक बड़े नेता का बेटा है और वह स्वयं भी एक युवा नेता है।
जानकारी के अनुसार,यह खौफनाक वारदात दिन के समय तारापुर-मशोबरा क्षेत्र में पेश आई। शुक्रवार को बारिश के बीच पीड़ित युवक एक होटल से अपनी गाड़ी में बाहर निकला था। रास्ते में सामने से हिमाचल नंबर की एक आल्टो कार आई। जैसे ही युवक ने उस आल्टो कार को पास देने के लिए अपनी गाड़ी रोकी, अचानक आल्टो की कंडक्टर साइड से एक नकाबपोश हाथ में पिस्टल (बंदूक) लेकर बाहर निकला। वहीं, दूसरी तरफ से एक अन्य नकाबपोश हाथ में लोहे की रॉड लेकर गाड़ी से उतरा।
बदमाशों को हथियारों के साथ अपनी ओर आता देख युवक ने घबराकर अपनी गाड़ी को तेजी से पीछे (रिवर्स) किया, जिससे उसकी गाड़ी एक पहाड़ी से जा टकराई और रुक गई। इसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने युवक को बंदूक दिखाकर डराया-धमकाया और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बिठाने की कोशिश की। युवक ने मौके की नजाकत और खतरे को भांप लिया। बदमाशों के चंगुल में फंसने से बचने के लिए उसने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और भाग गया।
फर्जी निकला आल्टो कार का नंबर, चैसी नंबर के साथ भी छेड़छाड़
वीआईपी नेता के बेटे से जुड़ी इस शिकायत के मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में चारों ओर नाकाबंदी कर दी गई। देर शाम पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई आल्टो कार को जब्त कर लिया और उसे ढली पुलिस थाना लाया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आल्टो कार पर लगा नंबर फर्जी था और उसके चैसी नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0