T20 वर्ल्डकप 2026 : सूर्या ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड, भारत की धमाकेदार जीत
T20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। भारत ने USA को 29 रन से हराया, सूर्या बने प्लेयर ऑफ द मैच।
मुंबई | भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में जीत से शुरुआत की है। कप्तान सूर्या ने न सिर्फ मैच जिताऊ पारी खेली, बल्कि विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वे टी-20 में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय बन गए।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए शनिवार के आखिरी मुकाबले में भारत ने USA को 29 रन से हराया। USA ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी, लेकिन उनकी फील्डिंग ने मैच का रुख पलट दिया। अमेरिकी खिलाड़ियों ने तीन अहम कैच छोड़ दिए।
भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। सूर्या ने कप्तान के तौर पर अपना 8वां टी-20I अर्धशतक लगाया और इसी के साथ बतौर कप्तान टी-20 इंटरनेशनल में 1000 रन भी पूरे कर लिए।
सूर्या ने 17वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता
टी-20 क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड के मामले में सूर्यकुमार यादव अब भारत के लिए सबसे आगे पहुंच गए हैं। उन्होंने 17वीं बार यह अवॉर्ड जीतते ही विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 16 अवॉर्ड दर्ज थे। इस लिस्ट में रोहित शर्मा 14 के साथ तीसरे, अक्षर पटेल 8 के साथ चौथे और जसप्रीत बुमराह 7 अवॉर्ड के साथ पांचवें स्थान पर हैं। रोहित शर्मा के बाद सूर्या दूसरे भारतीय कप्तान बने, जिन्हें टी-20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला।
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 9 मैच जीते
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत का सिलसिला जारी है। टीम लगातार 9 मैच जीतकर इस मामले में टॉप पर पहुंच गई हैं। इससे पहले साउथ अफ्रीका (2024) और ऑस्ट्रेलिया (2022-2024) भी लगातार 8 मैच जीत चुकी हैं।
सूर्या ने 7वीं बार एक ओवर में 20+ रन बनाए
टी-20 में सूर्यकुमार यादव ने सातवीं बार एक ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन बटोरे और इस मामले में भारत के लिए सबसे आगे पहुंच गए। सूर्यकुमार ने रोहित शर्मा (6 बार) को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0