वज्रेश्वरी मंदिर में अब नहीं चलेगी गंदगी! तहसीलदार ने जारी किए सख्त निर्देश, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को चेतावनी

कांगड़ा के वज्रेश्वरी मंदिर में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए तहसीलदार एवं कार्यकारी मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने दुकानदारों, श्रद्धालुओं और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Jun 3, 2026 - 22:07
 0  9
वज्रेश्वरी मंदिर में अब नहीं चलेगी गंदगी! तहसीलदार ने जारी किए सख्त निर्देश, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को चेतावनी

सुमन महाशा | कांगड़ा

कांगड़ा के प्रसिद्ध शक्तिपीठ वज्रेश्वरी मंदिर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मंदिर प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। तहसीलदार कांगड़ा एवं कार्यकारी मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और दुकानदारों से मंदिर परिसर तथा मंदिर मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

उन्होंने स्थानीय दुकानदारों के साथ बैठक कर प्रत्येक दुकान में डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि कोई भी दुकानदार सड़क या मंदिर मार्ग पर कूड़ा-कचरा नहीं फेंकेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह जल्दी सफाई कार्य शुरू कर दिया जाता है और इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

प्रकाश चंद ने श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया कि सफाई अभियान के दौरान वे प्रशासन का सहयोग करें। मंदिर कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वयं स्वच्छता नियमों का पालन करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि माता को अर्पित किए गए फूलों को दोबारा चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा मंदिर परिसर में हलवा, भोजन या लंगर वितरित करने के इच्छुक लोगों को पहले मंदिर प्रशासन से अनुमति प्राप्त करनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही निर्धारित स्थानों या लंगर हॉल में प्रसाद एवं भोजन वितरण किया जा सकेगा।

तहसीलदार ने कहा कि वज्रेश्वरी मंदिर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के लोगों से सफाई अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति स्वेच्छा से योगदान देना चाहता है, वह सुबह 5 बजे मंदिर परिसर पहुंचकर इस अभियान का हिस्सा बन सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0