13 अक्तूबर को रिज मैदान में होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
शिमला रिज मैदान में 13 अक्तूबर को पूर्व CM राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होगा। प्रियंका गांधी वाड्रा, CM सुक्खू समेत कई नेता होंगे शामिल।

ओम प्रकाश शर्मा। शिमला
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और जननायक स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 13 अक्तूबर 2025 (सोमवार) को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किया जाएगा।
यह जानकारी उनके पुत्र और राज्य के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से किया जाएगा।
पहले 23 जून को होना था आयोजन
प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम पहले 23 जून 2025 को प्रस्तावित था, लेकिन हिमाचल प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और वर्षा जनित नुकसान को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था।
फाउंडेशन ने इस समय राहत कार्यों में सहयोग देते हुए ₹11 लाख की राशि उपायुक्त मंडी को उन बच्चों की शिक्षा के लिए अर्पित की, जिन्होंने आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया।
विशेष अतिथि होंगे शामिल
कांग्रेस हाईकमान की सहमति और प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से कार्यक्रम की तिथि अब 13 अक्तूबर तय की गई है। इस अवसर पर कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे—
-
प्रियंका गांधी वाड्रा (महासचिव, AICC व सांसद)
-
सुखविंदर सिंह सुक्खू (मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश)
-
रजनी पाटिल (प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस)
-
प्रतिभा सिंह (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष)
इसके अलावा कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे। यदि स्वास्थ्य ने अनुमति दी तो कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इस ऐतिहासिक समारोह में सम्मिलित हो सकती हैं।
जनता से अपील
वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं और मीडिया प्रतिनिधियों से इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने की अपील की है।
What's Your Reaction?






