एचपीयू शिमला की ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर डीएवी कॉलेज कांगड़ा ने किया कब्ज़ा
एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला की पुरुष वर्ग ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतकर खेल जगत में अपनी उत्कृष्टता का एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
सुमन महाशा। कांगड़ा
एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला की पुरुष वर्ग ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतकर खेल जगत में अपनी उत्कृष्टता का एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल कॉलेज परिवार, बल्कि पूरे कांगड़ा जिले और प्रदेश में हर्ष का वातावरण है।
संपूर्ण शैक्षणिक सत्र के दौरान कॉलेज के खिलाड़ियों ने विभिन्न विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक अर्जित किए और अपनी प्रतिभा, अनुशासन तथा टीम भावना के दम पर यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। इस सफलता के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन और कॉलेज प्रशासन का सतत सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं समस्त कॉलेज परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा,
"यह ट्रॉफी केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि हमारे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रतीक है। पूरे सत्र में खिलाड़ियों ने जिस प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया, वह अत्यंत सराहनीय है। यह उपलब्धि प्रत्येक खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विभाग और कॉलेज परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।"
उन्होंने कहा कि एमसीएम डीएवी कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। संस्थान का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0