मंड सनौर और पराल पंचायत में विधायक मलेंद्र राजन ने सुनीं जनसमस्याएं
मंड सनौर और पराल पंचायत में विधायक मलेंद्र राजन ने सुनीं जनसमस्याएं
रघुनाथ शर्मा। नूरपुर
विधायक मलेंद्र राजन ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने ग्राम पंचायत सनौर के मंड सनौर क्षेत्र का दौरा कर लोगों से जनसंवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला, मंड सनौर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि मंड सनौर में शीघ्र ही एक नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा।
इसके उपरांत विधायक ने पराल पंचायत का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए सभी को पहले से तैयार रहना चाहिए। हाल ही में पंचायतों को वितरित आपदा प्रबंधन किटों के उपयोग का प्रशिक्षण लेने तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर उन्होंने बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आज लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से उनके साथ आए हैं। इस अवसर पर विधायक ने ग्राम पंचायत पराल के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने तथा ओपन जिम स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी भी पंचायत के विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा पुल की लगभग 7 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार हो चुकी है तथा औपचारिकताएं पूरी होते ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौकी में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि पराल में शीघ्र ही दो नए विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
विधायक ने चिट्टा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर बल देते हुए लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि कल शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में पौधरोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी युवक मंडलों, महिला मंडलों, समाजसेवियों तथा युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प ले, ताकि विकास के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण किया जा सके। इस दौरान विधायक ने पराल पंचायत में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरिन्द्र ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार पवन कुमार,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, सनौर पंचायत प्रधान अनूप कटोच,पराल पंचायत प्रधान केवल कृष्ण,उपप्रधान रिम्पी कुमार,बीडीसी सदस्य विनोद कुमार, सभी वार्ड सदस्य, विजय शर्मा, अनिल कुमार, सतिंदर गुलेरिया, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0