बद्दी में पिस्तौल के दम पर कारोबारी की पत्नी से लूट, एक आरोपी गिरफ्तार

बद्दी के नरंगपुर में महिला से पिस्तौल के दम पर लूट, नकदी और सामान छीना, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार।

Apr 9, 2026 - 22:06
 0  108
बद्दी में पिस्तौल के दम पर कारोबारी की पत्नी से लूट, एक आरोपी गिरफ्तार

रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। बद्दी

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के नरंगपुर में पिस्तौल के दम पर लूटपाट का मामला सामने आया है। दो बाइक सवार युवकों ने कबाड़ कारोबारी की पत्नी को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती सामान लूट लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की तहसील बिलासपुर निवासी यूसुफ अली नरंगपुर में कबाड़ का कारोबार करता है। घटना के दिन यूसुफ दुकान पर मौजूद नहीं था और उसकी पत्नी अकेले काम संभाल रही थी।

बताया जा रहा है कि रात के समय बाइक पर सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे और महिला की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने डराकर करीब 3,000 रुपये नकद, दो किलो तांबा-पीतल और मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

पति के घर लौटने पर महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बद्दी थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और 23 वर्षीय साहिल निवासी फौजी कॉलोनी, मानपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0