धनेटा स्कूल में कुकिंग प्रतियोगिता, पोषण पर जोर

धनेटा स्कूल में पीएम पोषण योजना के तहत कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित। पौष्टिक, स्वच्छ भोजन पर जोर, कई स्कूलों के कुक-कम-हेल्परों ने लिया हिस्सा।

Feb 13, 2026 - 18:46
 0  9
धनेटा स्कूल में कुकिंग प्रतियोगिता, पोषण पर जोर

नादौन । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेटा में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत क्लस्टर स्तर की कुक कम हेल्पर कुकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेटा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुशियार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय धनेटा, राजकीय मिडिल स्कूल मंडियानी, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय धनेटा तथा राजकीय उच्च विद्यालय जनसूह के कुक कम हेल्परों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रदान किए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वाद, पौष्टिकता एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए। प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु एक समिति का गठन किया गया, जिसमें राकेश चंद, मीनाक्षी, संदीप कुमारी, मुकेश कुमार तथा जितेंद्र कुमार एवं मिड-डे मील इंचार्ज शामिल रहे। समिति के सदस्यों द्वारा सभी प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए भोजन का गहनता से मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राज कुमार सिंह ने कुक-कम-हेल्परों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पीएम पोषण योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक, स्वच्छ एवं संतुलित भोजन उपलब्ध करवाना है, ताकि उनका शारीरिक एवं बौद्धिक विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ कुक-कम-हेल्परों को अपनी कार्यक्षमता सुधारने तथा नए व्यंजन सीखने के लिए प्रेरित करती हैं। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर बनाना तथा कुक-कम-हेल्परों को प्रोत्साहित करना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0