हमीरपुर में खून से लथपथ मिला शव, हत्या या हादसा?
हमीरपुर के गांधी चौक के पास गली में व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। हमीरपुर
जिला मुख्यालय हमीरपुर के गांधी चौक के पास शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गली में एक मिस्त्री का शव पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं और मौके पर काफी खून भी बहा हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर हमीरपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मोहिंदर सिंह (52), निवासी गांव सासन, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। चिंतित परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह उनकी लाश मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहिंदर अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है। मौके की स्थिति को देखकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद गली में गिरने की वजह से उन्हें गहरी चोट आई और अधिक रक्त बहने से उनकी मृत्यु हो गई। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट मौत के कारणों की पुष्ट करेगी। हमीरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0