हमीरपुर में विवाहिता की मौत, 10 माह की बच्ची हुई अनाथ

हमीरपुर के गलोड़ में 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव। पुलिस जांच जारी, 10 माह की बच्ची से मां का साया उठा।

Mar 28, 2026 - 21:36
 0  135
हमीरपुर में विवाहिता की मौत, 10 माह की बच्ची हुई अनाथ

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। हमीरपुर
हमीरपुर जिले के तहत आने वाली पुलिस चौकी गलोड़ के गांव लहड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात की है। मृतका की पहचान सुजा कुमारी (21) के रूप में हुई है। सुजा के मायके बिहार में हैं। बताया जा रहा है कि घर में कुछ रिश्तेदार आए हुए थे। सुजा ने सभी के साथ सामान्य रूप से बातचीत की और उसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो उसकी सास और घर आए रिश्तेदारों को चिंता हुई। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा, तो सभी के होश उड़ गए। सुजा का शव फंदे से झूल रहा था। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया।

वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मृतका के मायके पक्ष को भी सूचित कर दिया है, जिनके आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि सुजा कुमारी का पति ऊना जिले की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। मृतका अपने पीछे मात्र 10 माह की दुधमुंही बच्ची छोड़ गई है। प्राथमिक दृष्टि में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। एसपी हमीरपुर, बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की हर संभावित पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0