हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 17-18 अप्रैल को येलो अलर्ट

हिमाचल में मौसम फिर बदलेगा, 17-18 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश की चेतावनी, पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह।

Apr 13, 2026 - 12:12
 0  63
हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 17-18 अप्रैल को येलो अलर्ट

रोजाना  हिमाचल ब्यूरो। शिमला 
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अप्रैल महीने में भी ठंड का असर जारी है, जहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कई क्षेत्रों में बारिश, अंधड़ व बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे लोगों और पर्यटकों को राहत मिल सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है, क्योंकि 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है।

इसके प्रभाव से खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। विभाग ने 17 और 18 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

बीते दिनों अटल टनल रोहतांग, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में 2 सेंटीमीटर और गोंदला में 3 सेंटीमीटर हिमपात रिकॉर्ड हुआ।

ताजा बर्फबारी के कारण केलांग में न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो अप्रैल में भी ठंड के बने रहने का संकेत है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0