जयराम का तंज : सुक्खू BJP के ‘लकी स्टार’!
मंडी में जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर हमला, बोले- जहां प्रचार करते हैं वहां कांग्रेस हारती है। EVM और पेपर लीक मुद्दे पर भी घेरा।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी
मुख्यमंत्री सुक्खू अब भाजपा के लिए लकी स्टार प्रचारक साबित हो रहे हैं, क्योंकि वह जहां भी प्रचार करने जाते हैं, वहां कांग्रेस की लुटिया डूब जाती है। अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरा देश जान चुका है कि सीएम सुक्खू सिर्फ झूठ का सहारा लेते हैं। ये बातें मंगलवार को मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन करने के बाद कहीं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में जहां सीएम ने प्रचार किया, वहां कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 650 वोट मिले और उसकी जमानत तक जब्त हो गई। ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस ईवीएम से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी, आज दूसरे राज्यों में हार मिलने पर उसी को दोष दिया जा रहा है। कांग्रेस का यह रवैया बन गया है कि जीते तो ठीक और हारें तो ठीकरा ईवीएम पर फोड़ दो। जयराम ने कहा कि देश में ईवीएम के माध्यम से चुनाव पूरी पारदर्शिता से संपन्न हुए हैं।
अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन्हें दे रही रिवार्ड और प्रमोशन
जयराम ठाकुर ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सीबीआई की रिपोर्ट आने के बावजूद दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन्हें रिवार्ड और प्रमोशन दे रही है। उन्होंने सवाल पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री की ऐसी क्या मजबूरी है कि वह गलत काम करने वालों को बचा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0