मंडी में तेज रफ्तार स्कूटी खाई में गिरी, कांगड़ा के युवक की मौत
मंडी के जोगिंद्रनगर में तेज रफ्तार स्कूटी खाई में गिरने से युवक की मौत। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर थाना क्षेत्र के ढेलु के पास एक तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट से टकराने के बाद करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार सुबह के समय पेश आया। मृतक की पहचान जिला कांगड़ा के बैजनाथ निवासी नावंग टन्डूप के रूप में हुई है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंकुश ने पुलिस को बताया कि स्कूटी चालक काफी तेज गति में था। ढेलु के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण स्कूटी जोरदार तरीके से पैरापिट से टकराई और सीधे 40 फीट नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल को सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर पहुंचाया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही जोगिंदरनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने चश्मदीद के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0