मंडी में क्रिकेट बना जानलेवा, बल्ले के वार से 14 वर्षीय खिलाड़ी की मौत
मंडी के निहरी में क्रिकेट विवाद ने ली 14 वर्षीय किशोर की जान। सिर पर बल्ले से वार के बाद IGMC शिमला में इलाज के दौरान मौत, आरोपी नाबालिग पर केस।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के निहरी क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान हुई एक मामूली कहासुनी ने दर्दनाक रूप ले लिया। 1 अप्रैल को खेले जा रहे मैच में दो किशोर खिलाड़ियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे के सिर पर बल्ले से वार कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय किशोर ने शुक्रवार सुबह इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, निहरी तहसील के डोगरी (धोग) गांव में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान बॉलिंग और विकेटकीपिंग को लेकर दो किशोरों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग ने पास पड़े लकड़ी के बैट से दूसरे किशोर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घायल किशोर को तुरंत नागरिक अस्पताल सुन्नी ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। अस्पताल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में 2 अप्रैल को ही घायल किशोर के भाई के बयान पर आरोपी नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। अब किशोर की मौत के बाद केस में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं।
सुंदरनगर थाना के डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि आरोपी नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले में नियमानुसार जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और हमले में इस्तेमाल लकड़ी का बैट भी बरामद कर लिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0