नेरवा में नमाज VIDEO पर बवाल, भारत माता की जय नारे पर हुआ शांत
शिमला के नेरवा में सड़क किनारे नमाज का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। नारेबाजी के बाद मामला शांत, पुलिस जांच में जुटी है।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नेरवा में सड़क किनारे नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई, हालांकि बाद में स्थिति शांत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना वीरवार शाम की है, जब नेरवा क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा पर स्थित फेडिज पुल के पास एक बारात लौट रही थी। बारात में शामिल कुछ लोगों ने नमाज का समय होने पर सड़क किनारे रुककर नमाज अदा की। बताया जा रहा है कि उन्होंने पास के नाले के पानी से वजू कर कच्चे रास्ते पर नमाज पढ़ी।
इसी दौरान मौके पर कुछ अन्य लोग पहुंच गए और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच कुछ समय के लिए बहस भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि आपत्ति जताने वाले लोगों ने बरातियों से ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने को कहा।
बताया जा रहा है कि विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए बारातियों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और मामला शांत हो गया। इसके बाद बरात सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों के बयान दर्ज किए। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। वायरल वीडियो में एक युवक पुलिस के साथ बहस करता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
इस संबंध में एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि घटना को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0