खनन माफिया पर नूरपुर पुलिस का बड़ा प्रहार! 24 घंटे में 22 वाहनों पर कार्रवाई, 5 ट्रक इंपाउंड
नूरपुर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 24 घंटे में 22 वाहनों पर कार्रवाई की। पांच मल्टी-एक्सल ट्रक इंपाउंड किए गए जबकि 17 ट्रैक्टर चालकों के चालान काटे गए।
रघुनाथ शर्मा । नूरपुर
पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटों में 22 वाहनों पर माइनिंग एक्ट के तहत शिकंजा कसा है। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त पांच मल्टी-एक्सल ट्रकों को इंपाउंड कर अदालत भेजा गया, जबकि 17 ट्रैक्टर चालकों के चालान किए गए।
पुलिस द्वारा ज्वाली, डमटाल, नूरपुर, फतेहपुर, इंदौरा और रैहन थाना क्षेत्रों में विशेष नाकाबंदी एवं औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे वाहनों की गहन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच मल्टी-एक्सल ट्रकों को कब्जे में लेकर अदालत भेज दिया। वहीं 17 ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत चालान किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संपदा की लूट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने दोहराया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0