राष्ट्रपति मुर्मू का शिमला दौरा, 1500 जवान तैनात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे को लेकर 1500 जवान तैनात होंगे। शहर को 6 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान तैयार।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 30 अप्रैल को प्रस्तावित इस दौरे के दौरान राजधानी शिमला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा और करीब 1500 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए शिमला शहर को छह अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा।
वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए शिमला पुलिस विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार कर रही है। डीआईजी अंजुम आरा ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की है, जबकि जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। दौरे के दौरान राष्ट्रपति मशोबरा स्थित द रिट्रीट में ठहरेंगी।
शिमला में राष्ट्रपति का ग्रीष्मकालीन दौरा एक ऐतिहासिक परंपरा से जुड़ा हुआ है, जिसकी शुरुआत ब्रिटिश काल में हुई थी, जब शिमला देश की ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करता था। आज भी इस परंपरा को बनाए रखते हुए राष्ट्रपति हर वर्ष यहां कुछ दिन बिताती हैं और विभिन्न प्रशासनिक व औपचारिक कार्यक्रमों में भाग लेती हैं।
टेंटेटिव शेड्यूल के अनुसार राष्ट्रपति 27 अप्रैल को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए शिमला पहुंचेंगी। 28 अप्रैल को एक उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी, 29 अप्रैल को अटल टनल रोहतांग का दौरा कर बीआरओ अधिकारियों से बैठक करेंगी। 30 अप्रैल को कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। पहली मई को शिमला में ‘ऐट होम’ कार्यक्रम होगा और 2 मई को वह दिल्ली लौट जाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0