गोलीकांड मामले में पुरंजन ठाकुर को किया गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कोर्ट परिसर में फायरिंग के मास्टरमाइंड पुरंजन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूर्व विधायक के बेटे के तौर पर राजनीति भी गरमाई है।

ब्यूरो रिपोर्ट। बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग के मास्टरमाइंड आरोपी पुरंजन ठाकुर को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही दबोच लिया। पुरंजन ठाकुर पर आरोप है कि उसने पंजाब के लुधियाना निवासी सन्नी गिल को 20 जून को दिनदहाड़े गोली चलाने का आदेश दिया था। पुलिस पिछले पांच दिनों से पुरंजन ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही थी। हालांकि, पुलिस ने आज कोर्ट में पेशी से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, 20 जून को बिलासपुर जिला न्यायालय के बाहर एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, गोलीकांड का मास्टरमाइंड पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का बड़ा बेटा पुरंजन ठाकुर निकला। एसपी बिलासपुर विवेक चहल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया। पुलिस ने हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शूटर ने पुलिस को बताया कि पुरंजन ने उसे सौरभ पटियाल पर गोली चलाने के लिए बुलाया था। इसके लिए पैसों का लेन-देन भी तय हो गया था। इसके अलावा इस पूरे मामले में एक और कुख्यात अपराधी मल्ली का नाम सामने आया है। मल्ली ने ही पुरंजन को शूटर मुहैया कराया था। अब पुलिस मल्ली की भी तलाश कर रही है।
गोलीकांड में गरमा रही राजनीति
पूर्व विधायक के बेटे का नाम सामने आने के बाद इस मामले में राजनीति भी हो रही है। गोलीकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी पहले ही दिनदहाड़े बिलासपुर में प्रदर्शन कर चुकी है। वरिष्ठ भाजपा नेता जयराम ठाकुर, राजीव बिंदल आदि लगातार कानून व्यवस्था पर सवालउठा रहे हैं। भाजपा ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर इस मामले को दबाने की कोशिश की गई तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।
What's Your Reaction?






