सुधीर शर्मा की गद्दारी से पूरे प्रदेश की साख पर धब्बा लगाः मुख्यमंत्री
किस मुंह से जनता के बीच वोट मांगने जा रहे सुधीर देवेंद्र सिंह जग्गी के चुनाव प्रचार में शामिल हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू

मुनीश धीमान। धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की 6 सीटों पर हो रहा चुनाव कांग्रेस और भाजपा के बीच नहीं बल्कि जनता का सीधा चुनाव होने जा रहा है। गद्दार पूर्व विधायकों ने प्रदेश, क्षेत्र और अपने परिवार का नाम डुबोया है। प्रदेश को उप-चुनावों में झोंकने वाले सरगना धर्मशाला से है। अपना ईमान बेच कर पार्टी व आम जनता से धोखा करने वाले सुधीर शर्मा पता नहीं क्या मुंह लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। बागी विधायकों को आड़े हाथों लेते हुए यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने धर्मशाला दौरे के दौरान कही। धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने वीरवार को सुखविंद्र सिंह सुक्खू धर्मशाला पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पासू, मंदल व गुरूद्वारा सिंह सभा योल बाजार में जन सम्मेलन किया और लोगों को कांग्रेस के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जन सम्मेलन के दौरान कहा कि धर्मशाला के पूर्व विधायक ने भाजपा के हाथों अपना ज़मीर बेचा और 5 अन्य विधायकों को भी इस जाल में फंसाया। सुधीर शर्मा ही इस पूरे षडयंत्र के कर्ताधर्ता रहे हालांकि यह विधायक और भाजपा अपने मनसूबों में कामयाब नहीं हो सके। धर्मशाला की जनता ने सुधीर शर्मा को इस भरोस पर जीता कर विधान सभा भेजा था कि वह धर्मशाला की तरक्की के लिए कार्य करेंगे लेकिन वह सरकार को गिराने के षडयंत्र रचते रहे। सुधीर शर्मा को अब जनता के बीच जा कर वोट मांगते हुए शर्म आनी चाहिए। वह किस मुंह से जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने सुधीर शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने सुधीर शर्मा को उंचे पदों से सुशोभित किया, वह उस पार्टी के नहीं हुए तो भाजपा के क्या होंगे। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब वह भाजपा से भी गद्दारी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधीर शर्मा कांग्रेस में वापिस आने के लिए गिड़गिडाएंगे। सुक्खू ने कहा कि कहा देवेंद्र सिंह जग्गी संगठन के कर्मठ कार्यकर्ता हैं और स्वच्छ छवि के व्यक्ति हैं।
अपने संबोधन में देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ तालमेल से धर्मशाला में विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पूरा आशीर्वाद धर्मशाला के साथ है। जिस पूर्व विधायक की बजह से धर्मशाला की जनता को जा अपमान सहना पड़ा है, उसका हिसाब लेने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा कांग्रेस के नहीं हुए तो वह भाजपा के भी नहीं होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी के साथ आयूष मंत्री यादवेंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष नरेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, महापौर नीनू शर्मा, बाघणी पंचायत प्रधान सुरेश कुमार पप्पी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विनीत धीमान, राकेश धीमान सहित ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। शाम करीब 4 बजे शुरू हुई बैठकों से पूर्व देवेंद्र सिंह जग्गी ने धर्मशाला के विभिन्न क्षेत्रों में डोर टू डोर प्रचार करते हुए जनता को कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों से अवगत करवाया।
What's Your Reaction?






