होर्मुज पर ट्रंप की धमकी, मिडिल ईस्ट में तनाव
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की चेतावनी दी। तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल आपूर्ति और भारत पर असर की आशंका।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद कड़ा और आक्रामक बयान दिया है, जिससे पहले से जारी वैश्विक तनाव और बढ़ने की आशंका है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट करते हुए चेतावनी दी कि अगर स्ट्रेट ऑफ द होर्मुज को तुरंत व्यापार के लिए नहीं खोला गया, तो अमरीका इस क्षेत्र में बड़े सैन्य हमले कर सकता है। अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि अमरीका ईरान में नई और समझदार सरकार के साथ बातचीत कर रहा है और इस दिशा में कुछ प्रगति भी हुई है।
हालांकि उन्होंने साफ तौर पर यह भी कहा कि अगर युद्ध खत्म करने के लिए जल्द ही कोई समझौता नहीं हुआ, तो ईरान को अपने तेल ठिकानों से हाथ धोना पड़ेगा क्योंकि अमरीकी सेना वहां बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकती है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमरीकी सैनिक खार्ग द्वीप को तबाह कर देंगे। ट्रंप ने इस संभावित कार्रवाई को उन अमरीकी सैनिकों की मौत का बदला बताया, जिनके बारे में उनका आरोप है कि वे पिछले कई दशकों में ईरान से जुड़े घटनाक्रमों में मारे गए। यह बयान ऐसे समय आया है, जब मिडल ईस्ट में पहले से ही तनाव चरम पर है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, खासकर तेल और गैस के व्यापार पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि होर्मुज में स्थिति और बिगड़ती है, तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था, तेल की कीमतों और भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। उधर, ईरान ने अमरीका के 15 सूत्रीय प्रस्ताव को एक बार फिर खारिज कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0