करंट के चपेट में आए दो व्यक्ति ,एक की मौत-एक घायल
सोलन जिला के नालागढ़ में अचार बनाने वाली कंपनी में करंट लगने से अर्जुन नामक युवक की मौत हो गई और एक महिला घायल हुई। पुलिस ने कंपनी प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ब्यूरो रिपोर्ट। नालागढ़
ये हादसा सोलन जिला के नालागढ़ क्षेत्र के गोल जमाला में एक अचार बनाने वाली कंपनी में हुआ, जिसमे कार्यरत कामगार की करंट लगने से मौत हो गई जबकि एक महिला घायल हुई है। घायल महिला को नालागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक की पहचान अर्जुन (21) पुत्र गोवर्धन निवासी गांव बिलसी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है।
अर्जुन गोल जमाला में अचार बनाने वाली कंपनी में तैनात था। ड्यूटी के दौरान अचानक कंपनी में रखे एक टेबल में करंट प्रवाहित हो गया। जैसे ही कामगार का हाथ टेबल पर लगा तो वह उसकी चपेट में आ गया, वहीं उसके साथ एक महिला को भी हल्का-सा करंट लग गया। कंपनी प्रबंधकों ने घायलावस्था में अर्जुन को नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की बहन भी इसी कंपनी में कार्यरत है, उसके भाई को कंपनी में करंट लगा लेकिन कंपनी प्रबंधकों ने उस पर दबाव बनाया कि पुलिस के सामने यह बोले कि उसे घर में ही करंट लगा। पहले तो उसने पुलिस को यही बयान दिया लेकिन परिजनों के शोर मचाने पर पुलिस ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
What's Your Reaction?






