बद्दी फैक्ट्री में धमाका, 20 वर्षीय युवक की मौत

बद्दी के उद्योग में एसी इंस्टॉलेशन दौरान कंप्रेसर फटने से 20 वर्षीय युवक की मौत, एक घायल। पुलिस जांच और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी।

Apr 23, 2026 - 11:32
 0  153
बद्दी फैक्ट्री में धमाका, 20 वर्षीय युवक की मौत

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। बद्दी

बद्दी के जुड्डीकलां स्थित एक उद्योग में एसी यूनिट की इंस्टॉलेशन के दौरान कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। विस्फोट में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, कंपनी परिसर में सामान्य रूप से तकनीकी कार्य चल रहा था, तभी अचानक कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में ऋषभ (20), पुत्र बलदीप, निवासी धर्मपुर (मंडी) की मौके पर ही मौत हो गई। वह इंस्टॉलेशन कार्य में लगा हुआ था और विस्फोट की सीधी चपेट में आ गया। वहीं, मान सिंह, पुत्र रति राम, निवासी जोबरी (सोलन) घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस थाना बद्दी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कंप्रेसर फटना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0