कुल्लू में BJP का प्रदर्शन, जयराम ने सरकार को घेरा

कुल्लू में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना। कर्ज, विकास और आपदा प्रबंधन को लेकर लगाए गंभीर आरोप।

Apr 10, 2026 - 22:01
 0  27
कुल्लू में BJP का प्रदर्शन, जयराम ने सरकार को घेरा

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। कुल्लू
जिला मुख्यालय कुल्लू में भाजपा ने प्रदेश सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित जिले के कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल सदन से लेकर ढालपुर चौक तक रैली निकालकर नारेबाजी की और प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताया। ढालपुर चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश विकास के मामले में तीन दशक पीछे चला गया है। एक ओर जहां प्रदेश में आपदा से भारी तबाही हुई, वहीं दूसरी ओर सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूरी तरह विफल रही है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार कर्ज लेकर अपनी व्यवस्था चला रही है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण लिया है, जिससे प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया गया है।

उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में करीब 19,500 करोड़ रुपये का ही कर्ज लिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने कम समय में ही दोगुने से अधिक ऋण ले लिया है।

इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को मिलने वाली सहायता का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यूपीए सरकार के समय प्रदेश को 18,000 करोड़ रुपये आरडीजी मिली थी, जबकि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रदेश को 89,000 करोड़ रुपये की आरडीजी प्रदान की है।

जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने कोरोना काल के दौरान भी विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा जनहित की कई योजनाएं शुरू कीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0