बद्दी जेल में पिस्टल पहुंचाने की साजिश नाकाम
बद्दी की किशनपुरा सब जेल में अवैध पिस्टल और प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की साजिश नाकाम। पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। बद्दी
पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत किशनपुरा सब जेल में सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की एक गंभीर कोशिश को पुलिस और जेल प्रशासन ने सतर्कता के चलते समय रहते नाकाम कर दिया। इस दौरान एक अवैध पिस्टल सहित प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, किशनपुरा सब जेल में कई गंभीर मामलों से जुड़े विचाराधीन कैदी बंद हैं, जिसके चलते सुरक्षा पहले से ही कड़ी रखी गई थी। हाल के दिनों में जेल के भीतर नशा व अन्य प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की आशंका को देखते हुए बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया था।
मंगलवार देर रात दो संदिग्ध व्यक्तियों ने जेल की बाहरी दीवार के पास प्रतिबंधित सामान फेंकने की कोशिश की। सतर्क सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। बाद में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
जेल वार्डर की शिकायत पर थाना मानपुरा में मामला दर्ज किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, जर्दा और बीड़ी के पैकेट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सामग्री जेल के अंदर कैदियों तक पहुंचाने की योजना के तहत लाई गई थी।
आरोपियों की पहचान नंद लाल उर्फ नंदू (निवासी गांव सेरी, तहसील नालागढ़) और निर्मल (निवासी गांव प्लासी) के रूप में हुई है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि सतर्कता के चलते इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0