सोलन में पुल से गिरा मजदूर, सेफ्टी बेल्ट टूटी, मौत
सोलन के कंडाघाट में पुल निर्माण के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटने से कामगार की मौत। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर कंडाघाट में पुल निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में कामगार की मौत हो गई। दरअसल, सुरक्षा बेल्ट की रस्सी अचानक टूट गई, जिससे ऊंचाई से गिरकर कामगार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नागेश कुमार निवासी झारखंड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नागेश अपने अन्य साथियों के साथ निर्माणाधीन पुल की शटरिंग उतारने का काम कर रहा था। काम के दौरान उसने सुरक्षा के लिए सेफ्टी बेल्ट पहनी हुई थी। अचानक सुरक्षा बेल्ट की रस्सी टूट गई, जिससे नागेश का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे जमीन पर जा गिरा। उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। हादसे के समय मौके पर मौजूद वेल्डर अशोक राम ने घटना की सूचना पुलिस को दी और शिकायत दर्ज करवाई। एएसपी सोलन राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने लापरवाही को लेकर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0