दमोह में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौके पर मौत
मध्यप्रदेश के दमोह में तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो और बाइक को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौके पर मौत, 5 घायल। चालक मौके से फरार।
मध्यप्रदेश के दमोह जिले में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना दमोह-सागर राज्य राजमार्ग पर बांसा तारखेडा के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक बोलेरो वाहन को टक्कर मारी और इसके बाद नियंत्रण खोते हुए एक मोटरसाइकिल से जा टकराया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक और बोलेरो में सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दागी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जीवन अहिरवार (33) और सूरज अहिरवार (30) के रूप में हुई है। दोनों बासा गांव के निवासी थे।
वहीं, बोलेरो में सवार दो अन्य लोगों की भी इस हादसे में जान चली गई। उनकी पहचान राजू चौधरी (50) और धर्मेंद्र (32) के रूप में हुई है।
हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद ट्रक चालक और उसका सहायक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0