पूर्व सैनिक निगम में 28 लाख खर्च पर उठे सवाल
नादौन में पूर्व सैनिक नेता योगेंद्र अवस्थी ने निगम में 28 लाख खर्च मामले की जांच की मांग उठाई। स्थायी अध्यक्ष नियुक्ति को लेकर भी सरकार पर सवाल।
नादौन । पूर्व सैनिक कल्याण कार्यकारिणी के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र अवस्थी ने पूर्व सैनिक निगम के अध्यक्ष से मांग की है कि कुछ माह पूर्व निगम द्वारा तीन वर्ष के अन्तराल में बिना अनुमति 28 लाख रुपए खर्च करने के मामले में कब कार्यवाही की जाएगी। अवस्थी ने नादौन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जब यह मामला सुर्खियों में आया था तो अध्यक्ष ने पूर्व सैनिकों को आश्वासन दिया था कि मामले की जांच करवा कर इस संबंध में कार्यवाही की जाएगी परंतु अब इस मामले को ठण्डे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पैसा पूर्व सैनिकों की मेहनत का है जिसे निदेशक मंडल की अनुमति लिए बगैर खर्च किया गया है इसलिए आरोपियों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। अवस्थी ने पूर्व सैनिकों की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से मांग की है कि अक्तूबर 2021 से निगम को स्थायी अध्यक्ष नहीं मिला है जिसके कारण कई तरह की समस्याएं पेश आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष अपनी व्यस्तता के कारण सप्ताह में दो या तीन बार ही कार्यालय आते हैं जिसके कारण दूर दूर से निगम कार्यालय हमीरपुर में अपने कार्यों के लिए आने वाले पूर्व सैनिकों को काफी परेशानी हो रही है। अवस्थी ने कहा कि दोनों ही दलों की सरकारें सत्ता में रही हैं परंतु किसी भी सरकार ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक निगम के अध्यक्ष पद पर शीघ्र ही स्थायी नियुक्ति की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0