घुमारवीं में 500 ग्राम चरस के साथ कुल्लू का युवक गिरफ्तार

घुमारवीं में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्लू के युवक को 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू।

Mar 11, 2026 - 15:20
 0  36
घुमारवीं में 500 ग्राम चरस के साथ कुल्लू का युवक गिरफ्तार

घुमारवीं : पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कुल्लू के एक युवक को 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना घुमारवीं की टीम बलोह-मल्यावर संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही युवक घबराने लगा जिस पर पुलिस को शक हुआ। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद बैग से 500 ग्राम चरस बरामद हुई। 
आरोपी की पहचान निमत राम (33) निवासी गांव नडाहरा डाकघर रोपा तहसील स्यांज कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0