16 दिन बाद घर पहुंचा अमन का शव, दूल्हे की तरह सजाकर किया संस्कार

हमीरपुर के काली चीक गांव में 16 दिन बाद युवक अमन का शव पहुंचा। स्विमिंग पूल हादसे के बाद परिवार ने जांच की मांग उठाई।

Apr 26, 2026 - 21:23
 0  72
16 दिन बाद घर पहुंचा अमन का शव,  दूल्हे की तरह सजाकर किया संस्कार

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। हमीरपुर 
हमीरपुर जिले के महारल पंचायत के काली चीक गांव में रविवार सुबह उस समय माहौल बेहद मार्मिक हो गया, जब 16 दिन बाद युवक अमन का शव उसके घर पहुंचा। सुबह करीब सात बजे जैसे ही शव घर पहुंचा, माता-पिता अपने बेटे को देखकर बिलख पड़े, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने नम आंखों से अमन को दूल्हे की तरह सजाया। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया। अमन के भतीजे ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। गांव के लोगों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

गौरतलब है कि 11 अप्रैल को अमन की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई थी। वह इसी महीने 18 अप्रैल को घर लौटने वाला था। करीब तीन महीने पहले उसने केरल की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी और परिवार पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की तैयारी कर रहा था।

अमन अफ्रीका के एक होटल में कार्यरत था। परिवार में उसके पिता उधम सिंह, जो मजदूरी और बैंड बजाने का काम करते हैं, के अलावा दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।

परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए सरकार से मामले की जांच की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0