हिमाचल विधानसभा सत्र आज, आपदा पर गरजेगा सदन
हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र आज दोपहर 2 बजे से, आपदा राहत, अवैध खनन और चार अहम विधेयकों पर होगी चर्चा, कल होगा सत्र का समापन।

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को दोपहर दो बजे से शुरू होगा। यह विधानसभा का 11वां दिन होगा और सत्र में आपदा का मुद्दा प्रमुख रूप से गूंजेगा। हाल के दिनों में राज्य में बादल फटने, भूस्खलन और भारी तबाही ने जनजीवन को प्रभावित किया है, जिस पर सदन में विस्तार से चर्चा होगी।
सत्र की कार्यवाही दोपहर बाद शुरू होगी। दो से तीन बजे तक प्रश्नकाल रहेगा, जिसमें आपदा से जुड़े सवालों के साथ अनुपूरक प्रश्न भी उठेंगे। इसके बाद शून्यकाल और अन्य नियमों के तहत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। यह सत्र मंगलवार को समाप्त होगा। खास बात यह है कि यह चौदहवीं विधानसभा का 12वां और राज्य इतिहास का चौथा सबसे लंबा सत्र है।
सोमवार को सदन में चार अहम विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक 2025, सड़क द्वारा कतिपय माल के वहन पर कराधान संशोधन विधेयक 2025, रजिस्ट्रीकरण हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025 और पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025 शामिल हैं। इन विधेयकों को मंगलवार को पारित करने के प्रस्ताव लाए जाएंगे।
इसी के साथ सोमवार को हिमाचल प्रदेश लोक उपयोगिताओं के परिवर्तन का प्रतिषेध विधेयक 2025 को भी पारित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।
सदन में नियम 130 के तहत भी महत्वपूर्ण चर्चाएं होंगी। शाहपुर से कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया संसाधन जुटाने के लिए नीति बनाने का प्रस्ताव रखेंगे, जबकि भाजपा विधायक बिक्रम सिंह अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन पर रोक लगाने और पर्यावरणीय असंतुलन से बचाव के लिए नीति की मांग करेंगे।
इस प्रकार, मानसून सत्र का यह चरण आपदा राहत और राज्यहित से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों पर केंद्रित रहने वाला है।
What's Your Reaction?






