पंचायत चुनाव : गंदगी फैलाने पर जुर्माना

हिमाचल में पंचायत चुनाव के दौरान गंदगी फैलाने पर 500 रुपये जुर्माना लगेगा। प्रशासन सख्त, पोस्टर-बैनर पर भी रहेगी कड़ी निगरानी।

Apr 16, 2026 - 10:48
 0  45
पंचायत चुनाव : गंदगी फैलाने पर  जुर्माना

रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला 
आगामी पंचायत चुनावों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। चुनाव प्रचार के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह निर्णय उन मामलों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जहां प्रत्याशी और उनके समर्थक पोस्टर, बैनर और पंफ्लेट लगाकर तथा इधर-उधर फेंककर क्षेत्र में अव्यवस्था फैलाते हैं।

चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद चुनाव आयोग की इस पर विशेष नजर रहेगी। जारी निर्देशों के अनुसार पंचायत सचिवों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यदि कहीं भी अनधिकृत तरीके से पोस्टर लगाए गए या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

आज होगी अहम बैठक, नियमों को मिलेगा अंतिम रूप

पंचायत चुनावों को लेकर गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ वर्चुअल चर्चा कर गाइडलाइन, नियम और शर्तों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में कानून-व्यवस्था, चुनावी तैयारियों, मतदान केंद्रों, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, कर्मचारियों की तैनाती और मतदाता सूचियों की स्थिति पर विशेष चर्चा होगी। इसके अलावा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उपायों पर भी जोर दिया जाएगा।

31 मई से पहले होंगे चुनाव

प्रदेश में पंचायत चुनाव 31 मई से पहले संपन्न होने हैं। इसके मद्देनजर सभी जिलों को पहले ही आरक्षण रोस्टर, मतदाता सूची पुनरीक्षण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। बैठक में इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0