पुलिस कर्मचारियों को हिम बस कार्ड बनवाना अनिवार्य, नहीं तो HRTC बस में देना होगा पूरा किराया

हिमाचल में HRTC बसों में पुलिस कर्मियों के लिए हिम बस कार्ड अनिवार्य हुआ। बिना कार्ड पूरा किराया देना होगा, आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन।

Apr 10, 2026 - 12:03
 0  18
पुलिस कर्मचारियों को हिम बस कार्ड बनवाना अनिवार्य, नहीं तो HRTC बस में देना होगा पूरा किराया

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में अब पुलिस कर्मचारियों के लिए रियायती यात्रा को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। निगम के अनुसार, अब रियायती दरों पर सफर करने के लिए पुलिस कर्मियों को हिम बस कार्ड बनवाना अनिवार्य होगा।

यदि कोई पुलिस कर्मचारी बिना हिम बस कार्ड के यात्रा करता है, तो उसे भी अन्य यात्रियों की तरह पूरा किराया चुकाना होगा। हालांकि निगम ने राहत देते हुए हिम बस कार्ड बनवाने के शुल्क को पूरी तरह माफ कर दिया है। पहले इस कार्ड के लिए 200 रुपये (जीएसटी सहित) शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब पुलिस कर्मियों से यह फीस नहीं ली जाएगी।

निगम प्रबंधन के अनुसार, सरकार के निर्देशों के तहत सभी पुलिस कर्मचारियों को हिम बस कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए एचआरटीसी के पोर्टल पर जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस कर्मचारी अपने चुने गए कलेक्टिंग सेंटर से हिम बस कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें बसों में यात्रा के दौरान अन्य रियायती श्रेणी के यात्रियों की तरह कार्ड दिखाकर ही छूट का लाभ मिलेगा।

निगम का कहना है कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य रियायती यात्रा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है, ताकि सुविधा का लाभ सही पात्र लोगों तक ही पहुंचे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0