राफेल डील पर मैक्रों का जवाब: भारत होगा मजबूत
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने राफेल डील का बचाव करते हुए कहा—भारत मजबूत होगा, लाखों नौकरियां पैदा होंगी और रणनीतिक साझेदारी बढ़ेगी।
नई दिल्ली। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के साथ 114 राफेल जेट विमानों की डील का गुरुवार को बचाव किया है. राष्ट्रपति मैक्रों दिल्ली में चल रहे ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं. उन्होंने डील की हो रही आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि ये लड़ाकू विमान भारत को एक मजबूत सैन्य शक्ति बनाएंगे। साथ ही कहा कि इस डील की वजह से दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस डील से भारत में और अधिक नौकरियां पैदा होंगी।
इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में मैक्रों के हवाले से कहा कि ‘मुझे समझ नहीं आता कि लोग आलोचना कैसे कर सकते हैं. क्योंकि यह डील आपके देश को मजबूत बनाती है. यह हमारे बीच रणनीतिक संबंधों को बढ़ाती है. और भारत में ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी।’
बता दें, सप्ताह भर पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद ने 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को मंजूरी दी थी. 3.25 लाख करोड़ रुपये की इस मेगा डील को मैक्रों की भारत यात्रा से पहले मंजूरी मिली थी. इस डील के तहत फ्रांस और भारत मिलकर इन विमानों का निर्माण करेंगे।
दोनों देशों के संबंधों पर उन्होंने कहा, ‘हमारी केवल एक रणनीतिक साझेदारी नहीं है. हमारी एक विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो भारत और फ्रांस दोनों के लिए अद्वितीय है।’ बता दें, दोनों देशों ने भारत में ‘हैमर मिसाइल’ मैन्युफैक्चरिंग वेंचर और ‘H125 हेलीकॉप्टर’ की फाइनल असेंबली यूनिट स्थापित करने के समझौतों पर भी साइन किए हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0