मंडी में बेरोजगारी से तंग युवक ने दी जान

मंडी के जोगिंद्रनगर में बेरोजगारी और तनाव से परेशान युवक ने आत्महत्या की, इलाके में शोक, पुलिस जांच जारी।

Apr 9, 2026 - 21:53
 0  18
मंडी में बेरोजगारी से तंग युवक ने दी जान

रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी 

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर क्षेत्र में बेरोजगारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना भराडू पंचायत के तहत बसेहड़ (स्पैडू) गांव में सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, युवक ने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और लंबे समय से रोजगार की तलाश में था, लेकिन सफलता न मिलने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों ने बताया कि नौकरी न मिलने से वह काफी तनाव में रहता था।

गुरुवार सुबह युवक रोजमर्रा के कामकाज के बाद अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उसे जोगिंद्रनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर बाद भराडू पंचायत में ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इस घटना के बाद पूरे जोगिंद्रनगर क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0