अपराधियों को बेल नहीं जेल दिलाने को मंडी पुलिस बनाएगी स्पेशल सेल
मंडी के नए एसपी विनोद कुमार ने अपराधियों को बेल की जगह जेल दिलाने के लिए स्पेशल सेल गठित करने का ऐलान किया।
मंडी । मंडी जिले के नए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अपराध नियंत्रण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को बेल के बजाय जेल भेजने की ठोस व्यवस्था करने के लिए मंडी जिला पुलिस जल्द ही एक स्पेशल सेल का गठन करेगी। यह बात उन्होंने मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
ट्रायल के दौरान बेल पर छूटने वालों पर लगेगी लगाम
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि कई अपराधी ट्रायल के दौरान बेल पर छूट जाते हैं और कई मामलों में सजा भी सुनिश्चित नहीं हो पाती। इसी खामी को दूर करने के लिए स्पेशल सेल बनाया जाएगा, जो चार्जशीट, सबूत और केस की कानूनी मजबूती पर काम करेगा, ताकि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
यातायात नियमों में संतुलित सख्ती
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों को यातायात नियमों के नाम पर बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। दुर्घटनाओं के असल कारणों की पहचान कर उन पर काम किया जाएगा, जिससे सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
चिट्टा के खिलाफ अभियान और तेज होगा
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि चिट्टा प्रदेश की गंभीर समस्या बन चुका है और राज्य सरकार इस पर पूरी संजीदगी से काम कर रही है। मंडी जिला पुलिस भी इस नशे को जड़ से खत्म करने के लिए कई अभियान चला रही है, जिन्हें आने वाले समय में और तेज किया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में जागरूकता, NDPS एक्ट पर फोकस
उन्होंने बताया कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता शिविरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए एक सुनियोजित प्लान तैयार कर उस पर अमल किया जाएगा।
एसपी ने स्पष्ट किया कि मंडी जिला पुलिस का मुख्य फोकस NDPS एक्ट के तहत नशा तस्करों और सप्लायर नेटवर्क पर रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0