पठानकोट–मंडी फोरलेन को रफ्तार, DPR शुरू
पठानकोट–मंडी फोरलेन प्रोजेक्ट को रफ्तार, परौर–पद्धर खंड की DPR शुरू। पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
प्रदेश के अहम पठानकोट–मंडी फोरलेन प्रोजेक्ट को अब रफ्तार मिलने जा रही है। लंबे समय से लंबित परौर से पद्धर खंड के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का कार्य शुरू हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसके लिए कंसल्टेंट कंपनी नियुक्त कर दी है।
अब तक इस फोरलेन प्रोजेक्ट के करीब 80 किलोमीटर हिस्से पर काम अटका हुआ था। वहीं राजोल से ठानपुरी तक की अलाइनमेंट को लेकर केंद्र सरकार से अभी मंजूरी नहीं मिल पाई है। इस संबंध में तीन प्रस्तावित अलाइनमेंट स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।
एनएचएआई द्वारा परौर–चौंतड़ा और चौंतड़ा–पद्धर खंडों के लिए DPR तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उम्मीद है कि रिपोर्ट जल्द तैयार होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
इस फोरलेन के बनने से कांगड़ा, चंबा, पालमपुर, डलहौजी, मंडी, कुल्लू, मनाली और लाहुल-स्पीति जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक में DPR कार्य को जल्द पूरा करने का आश्वासन मिला है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी अहम
यह सड़क परियोजना रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके पूरा होने पर पठानकोट और मंडी के बीच दूरी 219 किलोमीटर से घटकर करीब 171 किलोमीटर रह जाएगी। साथ ही यह मार्ग चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा, जिससे सेना को लेह तक जाने के लिए एक सुरक्षित और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0