ऊना में मासूम से दरिंदगी, एक अमरूद तोड़ने पर सीढ़ियों से बांधकर की पिटाई

ऊना के बहडाला गांव में मासूम बच्ची को अमरूद तोड़ने पर पूर्व सैनिक ने बांधकर पीटा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Apr 5, 2026 - 21:11
 0  9
ऊना में मासूम से दरिंदगी, एक अमरूद तोड़ने पर सीढ़ियों से बांधकर की पिटाई

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। ऊना 
हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित बहडाला गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रवासी मासूम बच्ची को एक अमरूद तोड़ने की मामूली बात पर पूर्व सैनिक ने बेरहमी से प्रताड़ित किया। आरोपी ने बच्ची को सीढ़ियों से बांधकर उसकी पिटाई की, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। 
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय उजागर हुई, जब मर्चेंट नेवी में कार्यरत कैप्टन रोहित जसवाल पास से गुजर रहे थे। इस दौरान आसपास मौजूद कुछ युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी रोष फैल गया। कैप्टन रोहित जसवाल ने बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन को तुरंत सूचना दी।

सूचना मिलते ही पहले चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। जिसे देखकर पूर्व सैनिक ने तुरंत माफी मांग ली। हालांकि यह बात प्रशासनिक अधिकारियों तक जा पहुंची। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर आरोपी पूर्व सैनिक के खिलाफ बच्ची को प्रताड़ित करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं पीड़ित बच्ची का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है।

डीसी जतिन लाल और पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0