बिलासपुर में प्रवासी महिला की हत्या, पति-देवर फरार

बिलासपुर के कोसरियां गांव में प्रवासी महिला की हत्या। शव टैंक से बरामद, पति व दो देवर फरार। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य।

Feb 9, 2026 - 15:13
 0  54
बिलासपुर में प्रवासी महिला की हत्या, पति-देवर फरार

बिलासपुर। जिला बिलासपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव कोसरियां में एक प्रवासी महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृत महिला की पहचान गुड़िया देवी (36) पत्नी गोविंद राम के रूप में हुई है। महिला का शव घर के साथ बने पानी के टैंक के अंदर बंद अवस्था में बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या उसके पति और दो देवरों ने मिलकर की है। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोविंद राम पुत्र इंद्र देव अपनी पत्नी गुड़िया देवी और दोनों भाइयों बंसी चौहान व गुड्डू के साथ गांव कोसरियां में रामलाल निवासी कोसरियां के मकान में किराए पर रह रहा था। सभी मूल रूप से गांव नोडिया लोहारसी, डाकघर लोहारसी, थाना पांकी नोहडिया, जिला पलामू (झारखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं। 

सोमवार को मकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घर के साथ बने टैंक के अंदर से गुड़िया देवी का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताई जा रही है। मृतिका का भाई सुखवीर चौहान, निवासी तसव्व अखाड़ा, जिला पलामू (झारखंड), जो वर्तमान में झंडूता में रह रहा है, भी मौके पर पहुंचा। उसने गुड़िया देवी की हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बिलासपुर और थाना प्रभारी सदर पुलिस बल व एफएसएल (Forensic Science Laboratory) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार पति व दोनों देवरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0