हिमाचल में सीमेंट-सरिया महंगा, घर बनाना और मुश्किल
हिमाचल प्रदेश में सीमेंट और सरिया के दाम बढ़े, कंपनियों ने रेट बढ़ाए। घर बनाना हुआ महंगा, जानें नए रेट और वजहें।
रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश में महंगाई लगातार लोगों की जेब पर असर डाल रही है। अब ईंटों के बाद सीमेंट और सरिया भी महंगे हो गए हैं, जिससे घर बनाना आम लोगों के लिए और मुश्किल होता जा रहा है। कंपनियों ने सीमेंट के दाम में करीब 15 रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी कर दी है, जबकि सरिये की कीमतों में पिछले 20 दिनों में करीब 1,000 रुपये प्रति क्विंटल तक उछाल आया है।
सोमवार से नए रेट लागू होने के बाद प्रदेशभर में निर्माण सामग्री की कीमतें बढ़ गई हैं। जानकारी के अनुसार, एसीसी सुरक्षा सीमेंट अब 395 रुपये से बढ़कर 410 रुपये प्रति बैग हो गया है। वहीं एसीसी गोल्ड सीमेंट 435 से 450 रुपये और जंग रोधक सीमेंट 380 से बढ़कर 395 रुपये प्रति बैग बिक रहा है।
पहले 400 रुपये में मिलने वाला अंबुजा सीमेंट अब 415 रुपये प्रति बैग हो गया है। इसके अलावा बांगड़ सीमेंट 385 से बढ़कर 400 रुपये और अल्ट्राटेक सीमेंट 390 से बढ़कर 405 रुपये प्रति बैग तक पहुंच गया है।
चंबा में भी सीमेंट के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां अंबुजा सीमेंट 410 से बढ़कर 425 रुपये, अंबुजा प्लस 450 से बढ़कर 465 रुपये और एसीसी सीमेंट 405 से बढ़कर 420 रुपये प्रति बैग हो गया है।
वहीं सरिये के दामों में भी तेजी देखने को मिली है। हमीरपुर में 12 एमएम सरिया पहले 6100 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़कर 6500 से 6600 रुपये हो गया है। टाटा सरिया 6800 से बढ़कर 7000 रुपये, जिंदल 6400 से बढ़कर 6600 रुपये और कामधेनु सरिया 6500 से बढ़कर 6700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है।
जानकारों का मानना है कि निर्माण सामग्री के दाम बढ़ने के पीछे कच्चे माल की कीमतों में इजाफा, परिवहन लागत में वृद्धि, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां और कोयले की बढ़ती कीमतें प्रमुख कारण हैं। लगातार बढ़ती इस महंगाई से आम लोगों के लिए अपना घर बनाना अब और भी चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0