कुल्लू में अग्निशमन सप्ताह शुरू, जागरूकता अभियान

कुल्लू में अग्निशमन सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान शुरू, लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों की दी जा रही जानकारी।

Apr 15, 2026 - 11:04
 0  63
कुल्लू में अग्निशमन सप्ताह शुरू, जागरूकता अभियान

रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। कुल्लू 
जिला कुल्लू में लोगों को अग्निकांड से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।

अग्निशमन सप्ताह की शुरुआत जिला मुख्यालय सरवरी स्थित अग्निशमन कार्यालय से की गई। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 14 अप्रैल 1944 को मुंबई डॉकयार्ड में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा।

अग्निशमन केंद्र के अधिकारी प्रेम सिंह भारद्वाज ने बताया कि इस ऐतिहासिक अग्निकांड में विभाग के करीब 600 कर्मचारियों की मृत्यु हुई थी, जबकि हजारों लोग घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि इस घटना की स्मृति में हर वर्ष अग्निशमन सप्ताह मनाया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान सरवरी में अग्निशमन उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें लोगों को उपकरणों के उपयोग और आग से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि पूरे सप्ताह जिला के विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित कर लोगों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही आमजन को भी आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

गौरतलब है कि कुल्लू जिला में हर वर्ष आग की घटनाओं से करोड़ों की संपत्ति का नुकसान होता है और कई लोगों की जान भी चली जाती है। ऐसे में यह अभियान लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0