लाहुल-स्पीति में 253 सड़कें बंद, हिमपात से थमी रफ्तार
लाहुल-स्पीति में भारी हिमपात से 253 सड़कें अवरुद्ध, एनएच-003 आंशिक बहाल, फिसलन बढ़ी, यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह।
केलांग । जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हिमपात के कारण जिले की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। स्थिति यह है कि जिले की कुल 298 सड़कों में से 253 सड़कें अभी भी अवरुद्ध पड़ी हुई हैं।
बर्फबारी थमने के बाद बुधवार को मौसम साफ हुआ तो सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने राष्ट्रीय राजमार्गों की बहाली के लिए कमर कस ली है। हालांकि, अधिकांश संपर्क मार्गों पर अभी भी बर्फ की मोटी परत जमी होने से हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सड़कों पर भारी फिसलन के चलते प्रशासन ने लोगों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार लाहुल मंडल में 109 सड़कें, जबकि स्पीति उपमंडल में 144 सड़कें बर्फबारी के कारण बंद हैं। एनएच-003 पर केलांग से मनाली, उदयपुर से केलांग और उदयपुर से मनाली की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। केलांग से दारचा तक एनएच-003 बर्फबारी के कारण बंद हो गया था, जिसे फिलहाल फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है।
केलांग से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल (एटीआर) तक एनएच-003 पर भी केवल फोर बाई फोर वाहनों को ही अनुमति दी जा रही है। पर्यटकों की आवाजाही अभी पूरी तरह प्रतिबंधित है और मार्ग फिलहाल सिंगल लेन में ही खुला है। वहीं एटीआर से मनाली की ओर एनएच-003 दोबारा बर्फबारी के चलते बंद हो गया है।
इसके अलावा तिंदी-उदयपुर, उदयपुर-तिंदी, काडूनाला संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हैं। स्पीति क्षेत्र में काजा-लोसर एनएच-505 ताजा हिमपात के कारण बंद हो गया है। दारचा-शिंकुला, दारचा-सरचू, कोकसर से मनाली वाया रोहतांग और कोकसर से लोसर वाया कुंजुम टॉप मार्ग पहले की बर्फबारी के बाद से ही बंद पड़े हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0