ऑनलाइन सेवाएं देने में मंडी नंबर-1, धर्मशाला पीछे
हिमाचल में सिटीजन पोर्टल सेवाओं में मंडी नगर निगम पहले स्थान पर, धर्मशाला तीसरे पर खिसका। ऑनलाइन सेवाओं में बड़ा सुधार।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी
नगर निगम मंडी ने सिटीजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करने के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेशभर के नगर निगमों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में मंडी ने धर्मशाला नगर निगम को पछाड़कर प्रथम स्थान पर कब्जा किया है। इस पोर्टल के जरिए अब शहरवासी संपत्ति कर के भुगतान, एनओसी, विभिन्न प्रमाण पत्र और अन्य अनुमतियां घर बैठे आसानी से प्राप्त कर रहे हैं। हाल ही में जारी दूसरे चरण के मूल्यांकन में 19 विभिन्न बिंदुओं का आकलन किया गया। इसमें कूड़ा-कचरा संग्रहण से लेकर संपत्ति कर जैसे नागरिक केंद्रित सेवाओं को आधार बनाया गया था। नगर निगम मंडी ने 53.3 अंक प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है, वहीं नगर निगम सोलन 50 अंकों के साथ दूसरे और पूर्व में प्रथम स्थान पर रहा धर्मशाला नगर निगम 46 अंकों के साथ अब तीसरे स्थान पर खिसक गया है।
वहीं, नगर परिषदों की बात करें तो मंडी जिले की नेरचौक नगर परिषद ने 30 अंकों के साथ 13वां स्थान प्राप्त किया है। जोगिंद्रनगर 25.5 अंकों के साथ 16वें, सुंदरनगर 16.5 अंकों के साथ 24वें और सरकाघाट नगर परिषद 14.5 अंकों के साथ 26वें स्थान पर रही। नगर पंचायतों में रिवालसर ने 20 अंकों के साथ 16वां और करसोग ने 15 अंकों के साथ 19वां स्थान हासिल किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0